IAS 2025 बैच के प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने औद्योगिक इकाइयों का किया भ्रमण

उद्योग विभाग
बिहार सरकार

IAS 2025 बैच के प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने औद्योगिक इकाइयों का किया भ्रमण

भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2025 बैच के 10 प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने आज पटना जिले में उद्योग विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण शीतकालीन अध्ययन यात्रा कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया।


आज के भ्रमण के क्रम में प्रशिक्षु पदाधिकारियों ने सिकंदरपुर, बिहटा औद्योगिक क्षेत्र स्थित औद्योगिक इकाइयों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने इन इकाइयों में चल रही उत्पादन गतिविधियों प्रत्यक्ष अवलोकन किया। औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों द्वारा उन्हें उद्योग संचालन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों, अवसरों एवं नवाचारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
भ्रमण के पश्चात उद्योग विभाग द्वारा संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न औद्योगिक योजनाओं, नीतियों, निवेश प्रोत्साहन उपायों, उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयासों से प्रशिक्षु अधिकारियों को अवगत कराया गया। प्रस्तुतिकरण के दौरान यह भी बताया गया कि किस प्रकार प्रशासनिक निर्णय और नीतिगत हस्तक्षेप राज्य में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति देते हैं।


इस अवसर पर निदेशक (एमएसएमई) श्री अमन समीर, निदेशक (हस्तकरघा एवं रेशम) श्री विद्यानंद सिंह तथा उद्योग निदेशक श्री मुकुल कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों के साथ संवाद करते हुए बिहार में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं, आधारभूत संरचना के विकास, स्थानीय संसाधनों के उपयोग तथा सतत औद्योगिक विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
यह शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षु पदाधिकारियों के प्रशासनिक क्षमता निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें भविष्य में नीति निर्माण एवं कार्यान्वयन के दौरान उद्योग क्षेत्र की जमीनी वास्तविकताओं को समझने और प्रभावी निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *