पटना के बोरिंग रोड में जमीन धंसने से हड़कंप, अवैध निर्माण पर FIR दर्ज

पटना, 22 जून 2025: पटना के बोरिंग रोड स्थित हरिलाल स्वीट्स के बगल में एक निर्माणाधीन स्थल पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान जमीन धंसने से आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। इस घटना के कारण पास के बाल्विन एकेडमी और हरिलाल स्वीट्स संचालित भवनों की नींव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे उनके कभी भी ढहने का खतरा मंडरा रहा है और जानमाल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

पटना नगर निगम ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए जमीन मालिक, बिल्डर और आर्किटेक्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पटना नगर निगम के शहरी योजना शाखा के सहायक नगर योजना पर्यवेक्षक प्रह्लाद पटेल ने श्रीकृष्णपुरी थाने में भूस्वामी सुनीता देवी, वास्तुविद सरोज कुमार सिंह और बिल्डर फैजान अली सरवर के खिलाफ अनाधिकृत और बिना नक्शा स्वीकृत कराए निर्माण कार्य कराने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
आज दोपहर करीब 1:20 बजे पटना नगर निगम दल द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण में यह पाया गया कि भूस्वामी श्रीमती सुनीता देवी, वास्तुविद सरोज कुमार सिंह और बिल्डर फैजान अली सरवर द्वारा संयुक्त रूप से निर्माण स्थल पर बिना सक्षम प्राधिकार, पटना नगर निगम से नक्शा स्वीकृत कराए बेसमेंट के लिए खुदाई की जा रही थी। यह कार्य तकनीकी रूप से भी सही नहीं पाया गया।
जानमाल के नुकसान का खतरा
निर्माणाधीन स्थल के अत्यधिक गहरे गड्ढे के कारण बाल्विन एकेडमी और हरिलाल स्वीट्स संचालित भवन के नींव में गंभीर दरारें आ गई हैं, जिससे वे कभी भी ढह सकते हैं। इस घटना ने आसपास के निवासियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत आसपास के सभी भवनों को खाली कराया और पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके बाद, धंसे हुए गड्ढे को भरने का काम शुरू किया गया।
पटना नगर निगम ने इस गंभीर मामले को देखते हुए संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
